Published on: 23 Oct 2026
इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर, रेवाड़ी के गणित विभाग द्वारा “जीवन में सफलता एवं व्यक्तित्व विकास” विषय पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विभाग के विशिष्ट अतिथि संकाय प्रो. गुलशन लाल तनेजा ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष श्री सतीश कुमार ने की। कार्यक्रम की शुरुआत में डॉ. एम. एस. बड़क ने मंच का कुशल संचालन करते हुए मुख्य वक्ता, शिक्षकों और शोधार्थियों का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया।
अपने ओजस्वी व्याख्यान में गणित और जीवन के व्यावहारिक पक्षों को जोड़ते हुए मुख्य वक्ता प्रो. गुलशन लाल तनेजा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा, "गणित केवल संख्याओं का खेल नहीं, बल्कि जीवन की हर कठिन समस्या का व्यवस्थित समाधान खोजने का एक नजरिया है; जिस प्रकार हर समीकरण का हल संभव है, उसी प्रकार जीवन की हर चुनौती का समाधान सकारात्मक सोच से संभव है।" उन्होंने गणितीय दृष्टिकोण की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए आगे कहा, "गणित हमें सिखाता है कि जीवन में यदि कोई समस्या है, तो उसका समाधान निश्चित रूप से विद्यमान है; आवश्यकता केवल सही दृष्टिकोण और धैर्यपूर्वक प्रयास करने की है। एक सफल व्यक्तित्व का निर्माण अनुशासित सोच और तार्किक निर्णय क्षमता से होता है और यही अभ्यास हमारे भीतर आत्मविश्वास का संचार करता है।" उन्होंने असफलता से न घबराने का संदेश देते हुए कहा कि सफलता धैर्य, लगन, निरंतर अभ्यास और सही दिशा में किए गए प्रयासों का ही योग होती है। अपने व्याख्यान में उन्होंने डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम, अब्राहम लिंकन, गुरु नानक देव जी तथा महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के जीवन प्रसंगों से प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों को लगन, टीम वर्क, आपसी सहयोग और समाज में सामंजस्य बनाकर कार्य करने का मूल मंत्र दिया।
इस अवसर पर गणित विभाग से डॉ. सूरज नारा, डॉ. अंकित यादव, डॉ. राजेंद्र, डॉ. प्रतिभा, अन्नू रानी, रितिका, विकास, रिम्पी सहित अनेक प्राध्यापक एवं शोधार्थी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।